संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। बुआना लाखू गांव के 17 आर्यन मलिक मुक्केबाजी में दमदार पहचान बना रहे हैं। 14 अक्तूबर को सोनीपत को राई स्पोर्ट्स स्कूल में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अपनी मेहनत और लगातार अभ्यास से उभरते खिलाड़ियों में अपनी नाम चमका रहे हैं। जिले स्तर से लेकर नेशनल तक वह पदक जीत चुके हैं।
आर्यन कई वर्षों से अपने गांव में पीएस स्पोर्ट्स एकेडमी में कोच सुरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में मुक्केबाजी के गुर सीख रहे हैं। उनके पिता ही उनके कोच हैं। उन्होंने बचपन से ही मुक्केबाजी का अभ्यास करना शुरू कर दिया था। वह सुबह-शाम एकेडमी में घंटों अभ्यास करते हैं।
खिलाड़ी आर्यन ने बताया कि उनका लक्ष्य मुक्केबाजी में अपने देश के लिए पदक जीतना है। उनके यहां तक पहुंचने में उनके पिता और उनकी मां कविता का अहम योगदान रहा है। उनका पिता ही उनके कोच हैं। उनकी हर जरूरत और प्रशिक्षण का पूरा ध्यान रखते हैं। उनके माता-पिता ने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया है। उनके माता-पिता चाहते हैं कि वह ऐसे ही आगे बढ़ते हुए अपने देश का नाम रोशन करे।
उनके पिता सुरेंद्र कुमार ने बताया कि जब बेटा किसी प्रतियोगिता में पदक जीतता है तो अच्छा लगता है। जब भी एकेडमी का कोई खिलाड़ी किसी प्रतियोगिता में कोई पदक जीतता है तो इससे और खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने और अधिक मेहनत करने का हौसला मिलता है। यहां तक पहुंचने में उनकी मेहनत और निरंतर अभ्यास है। हर खिलाड़ी की जीत के पीछे उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासन होता है। यदि ऐसे ही मेहनत करते रहे तो बड़े खिलाड़ियों में अपनी अच्छी पहचान बना सकते हैं।