पानीपत। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित इंटर कॉलेज महिला व पुरुष ताइक्वांडो चैंपियनशिप में आर्य पीजी कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण, सात रजत और तीन कांस्य सहित कुल 15 पदक जीतकर कॉलेज का नाम रोशन किया। साथ ही कॉलेज ने लगातार चौथे वर्ष चैंपियनशिप में अपना दबदबा कायम रखा।
स्वर्ण पदक विजेताओं में ऋषभ, मोहित, रोहिन, एंजल और मुस्कान शामिल रहे। वहीं अंकित, अमन, युवराज, मोलिक, समृद्धि, कनक और मन्नत ने रजत पदक जीते। मुस्कान, दान्या और प्रीतम ने कांस्य पदक हासिल किए। स्विमिंग प्रतियोगिता में कनिष्क ने 200 मीटर बैकस्ट्रोक और 200 मीटर बटरफ्लाई में दो कांस्य पदक जीते। प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने विजेता खिलाड़ियों का स्वागत किया।