संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। एसडी पीजी कॉलेज में दो दिवसीय आर्ट एंड लाइफ कला प्रदर्शनी व कार्यशाला का शुक्रवार को शानदार आगाज हुआ। इसमें पेंटिंग, स्केचिंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
कलाकृतियों में सामाजिक सरोकार, प्रकृति, संस्कृति और मानवीय भावनाओं का सुंदर चित्रण देखने को मिला। विद्यार्थियों ने छह माह की मेहनत कर इन कलाकृतियों को तैयार किया है। कार्यशाला में 200 से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्घाटन बॉलीवुड अभिनेत्री रजनी गुप्ता ने किया।
एसडी एजुकेशन सोसाइटी के प्रधान अनूप और प्रबंधन समिति के प्रधान दिनेश गोयल ने दीप प्रज्जलित किया। मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध कलाकार राजपाल कालिया की लाइव पेंटिंग कार्यशाला रही। उन्होंने विद्यार्थियों को रंगों के संयोजन, कंपोजिशन और कल्पनाशीलता के गुर सिखाए।
उन्होंने कहा कि कला रंगों का मेल नहीं, बल्कि मानव आत्मा की सशक्त अभिव्यक्ति है। रजनी गुप्ता ने कहा कि कला जीवन का अभिन्न हिस्सा है, जो व्यक्ति को संवेदनशील और आत्मविश्वासी बनाती है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर देते हैं। प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा ने कहा कि कला शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।