पानीपत। नशा तस्करों पर शिकंजा कसने और नशे की चेन तोड़ने के लिए एसपी ने नारकोटिक्स सेल को आदेश दिया है। एसपी ने नारकोटिक्स सेल को रेड के दौरान डॉग इस्तेमाल करने के आदेश भी दिए हैं। पानीपत पुलिस का विशेष प्रशिक्षित डॉग अब मादक पदार्थों को सूंघकर निकाल लेगा। इसके अलावा दूसरी तरफ पुलिस ने नशा तस्करों का भी डाटा जुटाया है, जिन पर अब योजनानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसपी के आदेश के अनुसार पुलिस लाइन में ई-टाइप सरकारी क्वार्टर नंबर चार में नारकोटिक डॉग उपलब्ध है। जब भी किसी नशा तस्कर के आवास/दुकान इत्यादि पर रेड की जाती है, तो उसे मौके पर नहीं बुलाया जाता। आदेश दिया जाता है कि भविष्य में जब भी किसी नशा तस्कर के आवास दुकान आदि पर रेड करनी हो तो नारकोटिक डॉग को मौके पर अवश्य बुलाया जाए। डीएसपी समालखा यह सुनिश्चित करेंगे कि जब भी नारकोटिक डॉग को रेड के लिए बुलाया जाए तो वह समय पर संबंधित यूनिट को रिपोर्ट करें। आदेश की कॉपी सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों, थाना प्रबंधकों, इंचार्ज अपराध यूनिट, इंचार्ज एएनसी को भी प्रेषित की गई है।
नारकोटिक डॉग बुलाने के लिए दो सिपाहियों के नंबर जारी
नारकोटिक डॉग को बुलाने के लिए पुलिस लाइन में तैनात सिपाही दीपक कुमार और सिपाही कुलदीप के नंबर जारी किए गए हैं। उक्त दोनों सिपाहियों के नंबरों पर कॉल कर नारकोटिक्स डॉग की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से होगी।