पानीपत। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए बरसत रोड स्थित होटल, चिकन कार्नर और एक गोदाम से सात बच्चे रेस्क्यू किए हैं। एयूटीएच ने बच्चों को सीडब्ल्यूसी के हवाले कर चाइल्ड लेबर करा रहे दुकानदारों के खिलाफ चाइल्ड लेबर एक्ट के तहत कार्रवाई करने का निर्देेश दिया गया है।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के प्रभारी एएसआई पवन भौरिया ने बताया कि उनकी टीम गश्त पर थी। इसी बीच बरसत रोड पर चाइल्ड लेबर कराए जाने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने कार्रवाई की। सबसे पहले पम्मी पंजाबी ढाबा से चार वर्षीय किशोर को रेस्क्यू किया। उसे छह हजार रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा था। उसके बाद मोहम्मद चिकन कार्नर से 12,14 और 15 साल के किशोरों को रेस्क्यू किया। इन किशोरों से सुबह नौ बजे से रात आठ बजे तक काम कराया जाता था और बदले में पांच हजार रुपये वेतन देते थे।
तीसरी कार्रवाई सरदाज जी चिकन कार्नर पर की गई, जहां से एक 14 वर्षीय किशोर को रेस्क्यू किया गया। चौथी कार्रवाई करते हुए अनीश अहमद के गोदाम से14 और 15 वर्षीय किशोर को रेस्क्यू किया। बच्चों को सीडब्ल्यूसी के हवाले किया गया। इन्हें नगर स्थित शेल्टर होम में भेज दिया गया है। वहीं आरोपी होटल संचालक, चिकन कार्नर के मालिक और गोदाम मालिक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।