पानीपत। अंसल के निवासी असंध संघर्ष समिति के बैनर तले पिछले 17 दिन से बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। अंसल निवासी आठ दिन से भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता वो धरना खत्म नहीं करेंगे। इस संबंध में अंसल संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों की सांसद संजय भाटिया व विधायक महिलपाल ढांडा से वार्ता चल रही है। अब तक समाधान नहीं हो पाया है।
धरने का नेतृत्व कर रहे जितेंद्र अहलावत ने कहा कि वो अपनी मांगों से पीछे हटने वाले नहीं है। उनको बिजली की समस्या से निजात चाहिए। उनकी मांग है कि यहां पर पावर हाउस का निर्माण हो। अब बिजली की समस्या से 2700 परिवार जूझ रहे हैं। दिन भर बिजली के कटों से लोग परेशान हैं। अंसल में अधिक लोड होने के कारण चार ब्लॉक की बिजली बंद कर आपूर्ति करनी पड़ती है। उनकी जायज मांगों को नाजायज ठहराया जा रहा है। उनकी सरकार से अपील है कि 2700 परिवारों की समस्या को देखते हुए इसे गंभीरता से लिया जाए। रविवार को भूख हड़ताल पर पुनीत डावर , प्रवीण महाजन, सुरेश बजाज, श्याम गोलन व अनिल कुमार शर्मा रहे।