पानीपत। जिले के गांव कुराड़ की अनीता ने करीब पांच साल पहले स्वयं सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाया था। उस समय उनका उद्देश्य केवल आत्मविश्वास बढ़ाना था लेकिन आज वह अपने दम पर कॉस्मेटिक की दुकान संचालित कर रही हैं और साथ ही सिलाई का काम सीखकर अपने रोजगार को और आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं।
अनीता ने बताया कि पहले वह पूरी तरह से घरेलू कार्यों तक ही सीमित थीं। परिवार की आय भी सीमित थीं ऐसे में गांव की अन्य महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जुड़कर छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू करते देख उन्हें भी प्रेरणा मिली। उन्होंने करीब पांच वर्ष पहले गांव के स्वयं सहायता समूह की सदस्यता ली और नियमित रूप से बैठकों में भाग लेना शुरू किया।
समूह से जुड़ने के बाद वह बचत करने लगी। साथ ही उन्हें यह जानकारी मिली कि समूह के माध्यम से कम ब्याज पर पैसे लेकर अपना छोटा व्यवसाय शुरू किया जा सकता है। उन्होंने समूह से आर्थिक सहायता लेकर वर्ष 2024 में गांव में ही कॉस्मेटिक की दुकान शुरू की। इस व्यवसाय से उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता मिली और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलने लगी। कॉस्मेटिक की दुकान को और मजबूत बनाने के साथ-साथ अनीता इन दिनों सिलाई का काम भी सीख रही हैं। उनका उद्देश्य बुटिक चलाना है। यदि महिलाएं मेहनत और लगन से काम करें तो वे अपने पैरों पर खड़ी होकर परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकती हैं। वह अपने गांव की अन्य महिलाओं को भी स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के लिए प्रेरित करती हैं।