पानीपत। पसीना रोड स्थित सचदेवा फैक्टरी में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी बहन के अनुसार उसका एक महिला के साथ संबंध था। वह महिला दो दिन पूर्व फैक्टरी से पैसों का हिसाब करने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। इसके बाद से उसका भाई आहत था। फैक्टरी के सुपरवाइजर ने उसके भाई की आत्महत्या करने की सूचना दी। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया।
मूल रूप से यूपी के हरदोई जिले के तिरवाह चांदपुर, जरीली नवादा निवासी सीता ने बताया कि वह अपने पति रणजीत के साथ पानीपत के आसन कलां गांव में रहती है। वह पांच बहन-भाई हैं, जिनमें सबसे बड़ा भाई गोविंद (19) पुत्र चेतराम है। वह पसीना रोड स्थित सचदेवा फैक्टरी में काम करता था। एक माह पहले ही वह गांव से लौटा था। वह यहां क्वार्टर में रहता था। शुक्रवार को दोपहर तीन बजे उन्हें फैक्टरी के सुपरवाइर ने सूचना दी कि गोविंद ने फैक्टरी के गोदाम में रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। वह पति के साथ फैक्टरी पहुंची तो गोविंद का शव जमीन पर पड़ा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया। शनिवार को पिता पानीपत पहुंचे और पुलिस ने बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
सीता ने बताया कि गोविंद का एक महिला के साथ संबंध था। हालांकि महिला अलग कमरे में रहती थी, लेकिन गोविंद उस महिला को गांव में लेकर भी गया था और परिवार से मिलवाया था। दो दिन पहले ही महिला फैक्टरी से अपना हिसाब कर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। गोविंद से उसकी हुई थी। इससे वह परेशान था।
परिजनों के बयान पर 174 की कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उनके लिव-इन में रहने जैसी कोई बात संज्ञान में नहीं आई है।
- मंजीत सिंह, सेक्टर 29 थाना प्रभारी