माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। पानीपत सहकारी चीनी मिल परिसर में अब गन्ने के शीरे और अनाज से ग्रीन फ्यूल यानी एथेनॉल तैयार किया जाएगा। मिल परिसर में प्रदेश का अब तक का सबसे अधिक 90 केएलपीडी (किलोलीटर प्रतिदिन) क्षमता का नया ग्रीनफील्ड एथेनॉल डिस्टिलरी प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसके लिए ईपीसी आधार पर टेंडर जारी किया गया है। इसमें बोली लगाने वाली एजेंसी को 1.70 करोड़ रुपये की अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (ईएमडी) जमा करानी होगी।
चयनित फर्म को प्लांट का डिजाइन तैयार करने से लेकर मशीनरी की सप्लाई, स्थापना, सिविल निर्माण और कमीशनिंग तक का पूरा जिम्मा संभालना होगा। कंपनी को पहला एडवांस भुगतान मिलने के 16 महीने के भीतर प्लांट को तैयार कर चालू करना अनिवार्य होगा। प्लांट शुरू होने के बाद भी कंपनी की जिम्मेदारी खत्म नहीं होगी, बल्कि उसे अगले दो साल तक संचालन और रखरखाव का काम संभालना होगा।
इस नए प्लांट में कच्चे माल के आधार पर उत्पादन क्षमता तय की गई है। बी-हैवी शीरे, गन्ने के रस, सिरप, मक्का और चावल से प्रतिदिन 90 हजार लीटर फ्यूल ग्रेड एथेनॉल तैयार किया जा सकेगा, जबकि सी-हैवी शीरे से 60 हजार लीटर प्रतिदिन उत्पादन होगा।
प्लांट में 95 हजार लीटर प्रतिदिन रेक्टिफाइड स्पिरिट तैयार करने की क्षमता भी होगी। प्लांट को ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के लिए 25 टीपीएच क्षमता का इंसिनरेशन बॉयलर और 2.5 मेगावाट का बैक प्रेशर टरबाइन लगाया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के लिए यह प्लांट जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (जेडएलडी) तकनीक पर काम करेगा। अपशिष्ट जल का पुनर्चक्रण संभव हो सकेगा।