माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र में फैक्टरी में काम करने वाले बिजली फिटर की छत से गिरने से मौत हो गई। मृतक कृष्ण (30) मूल रूप से औरंगाबाद, बिहार के रहने वाले थे और तीन-चार साल से पानीपत में ही रहकर काम कर रहे थे।
बिहार के औरंगाबाद जिले के चिंटू ने बताया कि उनके चचेरे भाई कृष्ण कुमार पानीपत के काबड़ी में किराये के मकान में रहते थे। वह पास की ही एक फैक्टरी में बिजली फिटर थे। रविवार रात को वह काम पर गए थे। करीब 12:30 बजे काम करते हुए वह छत से गिर गए जिससे उनकी मौत हो गई।
थाना पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चिंटू का कहना है कि कृष्ण कुमार की करीब 10 साल पहले शादी हुई थी। उनकी एक बेटी है जो अपनी मां के साथ बिहार में रहती है। पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी देवेंद्र ने बताया कि पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है।