पानीपत। जीटी रोड पर सिवाह बस स्टैंड के सामने 21 मार्च की सुबह सात बजे काेहरे के चलते वाहनों की भिड़त होने से बुजुर्ग जोगिंद्र (65) की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। जोगिंद्र पाल के बेटे विक्की की शिकायत पर बुधवार को सेक्टर-29 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। विक्की का कहना है कि उनका परिवार पंजाब के फतेहगढ़ साहिब से इनोवा कार में सवार होकर वृंदावन जा रहा था। तेल के टैंकर ने उनकी कार को टक्कर मार दी थी।
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के गोविंदगढ़ निवासी विक्की ने बताया कि वह तीन भाई बहन हैं। 21 मार्च को उनके पिता जोगिंद्र पाल, मां ज्योति, पत्नी कोमल, जीजा प्रभदीप व बेटी नायशा इनोवा कार से वृंदावन जा रहे थे। कार हन्नी उर्फ विक्रमजीत चला रहे थे। जब वह जीटी रोड पर सिवाह बस स्टैंड के पास पहुंचे तो सुबह करीब सात बजे तेल के टैंकर ने उनकी कार के सामने अचानक ब्रेक लगा दिए थे, जिससे उनकी कार की साइड लग गई। जिससे उनके पिता जोगिंद्र पाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाकी परिजनों को भी चोट आई थी। 22 मार्च को उनके पिता की उपचार के दौरान मौत हो गई थी लेकिन उस समय वह प्राथमिकी दर्ज नहीं करा पाए थे। बुधवार को उन्होंने थाने पर पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कोहरे में भिड़े थे 24 वाहन
हादसे का कारण कोहरा था। जिस कारण जीटी रोड पर दो किमी में चार स्थानों पर सड़क हादसे में 24 वाहन आपस में भिड़ गए थे।