निजी एंबुलेंस एसोसिएशनों की हड़ताल से मरीजों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को अस्पताल तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। ऐसे में एंबुलेंस आपरेटरों ने सरकार की सद्बुद्धि के लिए सिविल अस्पताल में हवन यज्ञ किया। परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने एंबुलेंस एसोसिएशनों को मांगे माने जाने का आश्वासन दिया है। निजी एंबुलेंस एसोसिएशन ने सरकार से टैक्स में कमी करने की मांग की है।
मांग नहीं माने जाने पर राज्य भर की निजी एंबुलेंस एसोसिएशनों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है। हड़ताल के तीसरे दिन भी निजी एंबुलेंसों का पहिया जाम रहा। सरकार की एंबुलेंस पर टैक्स की नीति को लेकर निजी एंबुलेंस एसोसिएशन सरकार से दो-दो हाथ करने के मुड में है। न्यू कृष्णा राम राज्य संस्था के प्रधान अमरजीत मान ने कहा कि परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने उनकी मांगे माने जाने का आश्वासन दिया है। लेकिन एसोसिएशन किसी प्रकार के झूठे आश्वासन को नहीं मानेगी। अगर सरकार ने उनकी मांगे नहीं मानी तो वह अपना आंदोलन और तेज करेंगे। इस मौके पर देवेंद्र मलिक, ओमप्रकाश, इंद्र देव, बलवान, राम निवास, नफे सिंह, नरसी, आजाद, सुरेंद्र ढांडा, साबुदीन और श्याम लाल मौजूद रहे।
निजी एंबुलेंसों की सेवा ठप होने से मरीजों को धक्के खाने पड़े। लोगों को दूसरे अस्पतालों में जाने के लिए निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा। वीरवार को हरिसिंह कॉलोनी निवासी मुकेश की पत्नी सोनिया की तबीयत खराब हो गई। वह ई-रिक्शा में पत्नी को लेकर सिविल अस्पताल लेकर आया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे खानपुर रेफर कर दिया। मुकेश अपनी पत्नी सोनिया को किराए की टैक्सी में लेकर खानपुर पीजीआई गया।
वहीं, बाबरपुर निवासी कांता को बुधवार को घर पर दौरा पड़ गया। परिजन उसे लेकर सिविल अस्पताल आए। चिकित्सकों ने कांता को जांच के बाद खानुपर पीजीआई रेफर कर दिया। परिजनों को निजी वाहनों के जरिये कांता को पीजीआई खानुपर ले जाना पड़ा।