इसराना। इसराना सब डिवीजन के बिजली कर्मचारियों पर एक बार फिर काम के नाम पर पैसे मांगने के आरोप लगाए हैं। चमराड़ा गांव के सुरेंद्र सिंह ने जनता समाधान शिविर में एसडीएम को इसकी शिकायत दी है। उन्होंने आरोपी बिजलीकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सुरेंद्र सिंह ने शिकायत में बताया कि वह दिव्यांग है और गांव में अपना मकान बना रहा है। उसके मकान के ऊपर से बिजली की तार गुजर रही हैं। उसने अपने गांव में तैनात एचकेआरएन के तहत लगे बिजली कर्मचारी को तारों में एंगल लगाने व प्लास्टिक की पाइप लगवाने की मांग की। सुरेंद्र ने आरोप लगाया कि कर्मचारी ने इस काम के लिए उससे 35 हजार रुपये की मांग की। उसको परेशान होकर जनता समाधान शिविर में आना पड़ा। उन्होंने कहा कि तारों के न हटाने पर उसके मकान का निर्माण कार्य अटका हुआ है। बिजली की तारों काे हटाए बिना मकान नहीं बनाया जा सकता। वहीं दूसरी तरफ कर्मचारी नरेश का कहना है कि यह विभागीय कार्य है। पीड़ित को कार्यालय से एस्टीमेट पास कराकर नियमानुसार काम करने के बारे में बताया था। उनके आरोप निराधार हैं। एसडीएम नवदीप नैन ने कहा कि जनता समाधान शिविर में बिजली निगम के एक कर्मचारी के खिलाफ शिकायत मिली है। एक्सईएन को रिपोर्ट तलब करने व कर्मचारी की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।