गांव बिचपड़ी में एक एजेंसी से बिना सील का सिलिंडर ले कर घर युवक पहुंचा। जहां पहुंचने के बाद जब सिलिंडर का ढक्कन खोला, तो वो लीक हो रहा था। इसी दौरान घर पर मौजूद बुजुर्ग दंपति ने सिलिंडर के ढक्कन को बंद कर वापस ले जाने को कहा। जब वो ढक्कन बंद करने लगा, तो इसी दौरान प्रेशर से सिलिंडर फट गया व वहां मौजूद बुुजुर्ग दंपती सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को सनौली रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने बताया कि महिला 100 फीसदी व बाकी दोनों 70 फीसदी तक झुलस गए है।
जानकारी देते हुए घायल युवक अरूण ने बताया कि सुबह 10.25 बजे वो नजदीक ही एक गैस एजेंसी से सिलिंडर ले कर आया। 5 मिनट बाद वो घर पर पहुंचा तो उसने सिलिंडर को चेक किया। चेक करने के दौरान देखा कि सिलिंडर की सील नहीं लगी हुई थी, तो उसने ढक्कन को खोल दिया। ढक्कन खोलते ही उसमें से लीक गैस घर में फैल गई। वहां खड़ी बुजुर्ग दंपती ज्ञान मल्होत्रा(69), पत्नी दुर्गा रानी(64) ने कहा कि ये लीक है, इसे तुरंत बदल कर आ जाओ। उनके कहे अनुसार अरुण ढक्कन को बंद करने लगा, तो प्रेशर से सिलिंडर फट गया व जोर के धमाके साथ 20 फीट दूरी स्थित घर के मेन 150 किलो वजनी लोहे के गेट को उखाड़ता हुआ बाहर गली में जा गिरा। इतना ही नहीं धमाके में तीनों झुलस गए और घर के सभी दरवाजों, खिड़कियों के शीशों सहित दीवारों, लेंटर सहित जमीन में भी दरार आ गई।