समालखा में दुकानों के बाहर रखा सामान उठाती नगर परिषद की टीम। संवाद
समालखा। शहर में अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर परिषद की ओर से वीरवार को माता पुली रोड और गुलाटी रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर परिषद कर्मचारियों ने दुकानों के बाहर सड़क पर रखे सामान को हटवाया, लेकिन कर्मचारियों के जाते ही दुकानदारों ने दोबारा सड़क पर सामान लगा लिया। इतना ही नहीं, कई दुकानदारों ने अपने बोर्ड भी सड़क पर रख दिए।
माता पुली रोड और गुलाटी रोड पर दुकानदारों की ओर से सड़क पर करीब दस-दस फुट तक सामान फैलाकर रखा जा रहा है। इसके चलते दोनों मार्गों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सड़क पर अतिक्रमण होने के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कुछ पहुंच वाले दुकानदारों ने तो नगर परिषद की ट्रैक्टर-ट्राली में लोड किया गया सामान भी कर्मचारियों के सामने ही वापस उतार लिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद की ओर से समय-समय पर अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जाता है, लेकिन कार्रवाई केवल कुछ समय तक ही सीमित रह जाती है। संवाद
अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहेगा : सचिव
नगर परिषद सचिव प्रिंस ने कहा कि शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। सड़कों पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।