इसराना। बिजली सब डिविजन के अंतर्गत कालखा गांव में बिजली निगम की लापरवाही सामने आई है। निगम ने बिजली भरने के बाद भी उपभोक्ताओं को दोगुना बिल भेज दिया। लोग सोमवार को भरे हुए बिल की रसीद लेकर बिजली निगम कार्यालय में पहुंच गए। यहां पर लोगों ने निगम के खिलाफ जमकर रोष प्रदर्शन किया। लोगों ने निगम अधिकारियों पर सुनवाई न करने का आरोप भी लगाया। एसडीओ का कहना है कि बिल सही कर लोगों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
बिजली उपभोक्ता सुल्तान सिंह, प्रेम सिंह, सूरत सिंह, विष्णु, पवन, सत्यवान, गुलजार, अनारकली, रतनी, सीमा, सरिता व सोना ने बताया कि कालखा में बिजली निगम की तरफ से एक ठेकेदार का कर्मचारी गांव में बिजली बिल का भुगतान लेकर बिल की रसीद काट कर देता है। पिछली बार उन्होंने बिल जमा कराया था। इसकी उनके पास रसीद भी है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिल जमा करने व रसीद लेने के बाद भी उनके मौजूदा बिजली बिल में जमा कराई गई भुगतान फिर से जुड़कर आया है। आरोप लगाया कि बिल का भुगतान लेकर निगम में जमा नहीं कराया गया। इस बारे में जब वे बिजली निगम में आकर मिले तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उपभोक्ताओं ने कहा है अगर उनकी समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो वे डीसी से मिलेंगे।