शिक्षामंत्री को बोले कड़वे बोल
- फोटो : amar ujala
महेंद्रगढ़ में जिप के चेयरमैनी के चुनाव की धमक वीरवार को शिवाजी स्टेडियम में जैन मुनि तरुण सागर महाराज के कड़वे प्रवचन के दौरान भी सुनने को मिली। मुनि के कड़वे बोल का शिकार शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने किसी तरह मुनि को महेंद्रगढ़ के चुनाव की जीत का ध्यान दिला अपने को मुक्त कराया।
हुआ यूं कि श्री दिगंबर जैन पंचायत की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वीरवार को शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा प्रवचन सुनने पहुंचे। स्टेडियम में प्रवचनों की शुरुआत का समय सुबह साढ़े आठ बजे का रहा। लेकिन शिक्षामंत्री करीब एक घंटा देरी से वहां पहुंचे। शिक्षामंत्री जैसे ही जैन मुनि का आशीर्वाद लेने मंच पर पहुंचे। मुनि ने कहा कि शिक्षामंत्री के देरी से आने के कारण प्रवचनों में बाधा आई है। शिक्षामंत्री एक बार तो जैन मुनि की बातें सुनकर हैरान हो गए। अगले ही पल उन्होंने खुद को संभाला और कहा कि आपके हरियाणा में प्रवचन शुरू होते ही उनकी महेंद्रगढ़ में जीत हो गई।
वे उसी जीत के सिलसिले में लगे रहे। जिसके चलते कुछ देर हो गई है। वैसे वे रात को ही पानीपत आ गए थे। उन्होंने कहा कि जैन मुनि के कड़वे प्रवचन भी मीठे लगते हैं। इसी के चलते उन्होंने उनके प्रवचन हरियाणा के साथ पंजाब विधानसभा में भी रखवाए हैं।
भय के दिनों में रोहतक और गोहाना के रास्तों को किया पार
शिक्षा मंत्री ने कहा कि आपके दर्शन करने मात्र से उनमें ऊर्जा आती है। उन्होंने कहा कि जैन मुनि ने उस वक्त रोहतक व गोहाना से पैदल मार्च किया, जब हर कोई व्यक्ति डर व भय के साये में जी रहा था। उनका इशारा जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान प्रदेश में भड़की आग के बाद रोहतक व गोहाना की स्थिति की तरफ रहा।