यमुना एन्क्लेव में पार्टी के दौरान प्रापर्टी डीलर मनीष पर गलती से गोली नहीं चली थी, बल्कि नशे की हालत में विवाद के बाद दोस्त ने निशाना लगाकर गोली चलाई थी। प्रॉपर्टी डीलर मनीष को गोली मारने वाले दोस्त गोहाना निवासी मनमोहन उर्फ जॉनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि मनीष छत पर खड़ा था, जबकि वह नीचे खड़ा हुआ था। दोनों में शराब पार्टी को लेकर झगड़ा हो गया था। तू-तू मैं-मैं होने की वजह से उसने मनीष पर निशाना लगाया और गोली चला दी थी, जो गोली मनीष के हाथ को चीरते हुए फेफड़े के पास जाकर लग गई थी। उसने खुद को बचाने के लिए पुलिस को झूठे बयान दिए थे, ताकि उस पर कोई शक नहीं हो। वहीं थाना प्रभारी सुनीता ने बताया कि उन्होंने आरोपी जॉनी की निशानदेही पर आरोपी से हथियार भी बरामद कर लिया है। आरोपी से हथियार संबंधी लाइसेंस मांगा गया लेकिन वह पेश नहीं कर सका। इसके बाद उन्होंने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ जान से मारने के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया। मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया और जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।