पानीपत। जिला बार एसोसिएशन ने अंबाला में अधिवक्ताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमों के विरोध में बुधवार को कार्य स्थगित रखा। सुबह से अधिवक्ता काेर्ट परिसर के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए। अधिवक्ताओं के कार्य स्थगित करने के कारण अदालत में मुकदमों की सुनवाई नहीं हुई। जरूरी काम-काज ही हो सके। जिस कारण वादकारियों को भी बिना सुनवाई के अगली तारीख लेकर लौटना पड़ा।
जिला बार एसोसिएशन ने मंगलवार को बैठक कर कार्य स्थगित रखने का निर्णय लिया था। बुधवार को अधिवक्ताओं ने कोर्ट परिसर के गेट पर पहुंचकर धरना दिया। बार एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र दूहन ने कहा कि अंबाला में वरिष्ठ अधिवक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का विरोध किया जाता है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं का उत्पीड़न किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उधर, अधिवक्ताओं के कार्य स्थगित करने के कारण मुकदमों की सुनवाई प्रभावित हुई। अदालतों ने अगली तारीख दे दी। मौके पर बार एसोसिएशन के उप प्रधान आसीमा कौशिक, महासचिव संदीप शांडिलय, संयुक्त सचिव यमन बाटला, कोषाध्यक्ष राकेश अहलावत आदि रहे।