कथावाचक आसाराम के बेटे नारायण साईं पर दर्ज दुराचार के मुकदमे के प्रमुख
गवाह महेंद्र चावला पर हमला करने के आरोप में एडवोकेट निशांत राज को
गिरफ्तार कर लिया है।
थाना सदर पुलिस को डेढ़ माह बाद मामले में सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी निशांत राज को तीन दिन के रिमांड पर लिया और आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने हमले के बाकी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा किया है।
मामला 13 मई का थाना सदर के अंतर्गत सनौली खुर्द गांव का है। स्थानीय निवासी महेंद्र चावला पर मकान के प्रथम तल पर कपड़े धोते समय दो लोगों ने हमला कर दिया था। वह छत से कूद गया था और उनको पीठ में दो गोली लगी थी।
महेंद्र चावला को गंभीरावस्था के चलते शहर के प्रेम अस्पताल में दाखिल कराया था। परिजनों ने मोटरसाइकिल पर आए दो लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया था। थाना सदर पुलिस ने इसमें मुकदमा दर्ज कर लिया था।
पुलिस ने इसमें महेंद्र चावला के सरकारी गनमैन को सस्पेंड कर दिया था और जांच बैठा दी थी। पुलिस ने महेंद्र चावला के होश में आने के बाद बयान दर्ज किए थे। महेंद्र चावला ने इसमें कथावाचक आसाराम और उसके पुत्र नारायण साईं पर हमला कराने का आरोप लगाया था। वह गत दिनों एसपी राहुल शर्मा से भी मिला था और सुबूत देकर कार्रवाई करने की मांग की थी।
थाना सदन पुलिस ने महेंद्र चावला पर हमले के मामले में कथावाचक आसाराम बापू के पुत्र नारायण साईं को प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी शुरू कर दी है। उनको आठ जुलाई का प्रोडक्शन वारंट मांगा है। इससे पहले पुलिस ने आठ जून का मांगा था, लेकिन नारायण साईं के पैरोल पर होने के चलते प्रोडक्शन वारंट पर नहीं लाया जा सका।
पुलिस ने महेंद्र चावला पर हमले के मामले में निशांत राज निवासी सेक्टर-12 को गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी और बाकी आरोपियों की भी धरपकड़ शुरू कर दी है।
नरेंद्र कुमार, प्रभारी, थाना सदर