पानीपत। सीआईए टू ने बापौली गांव में भलौर रोड पर आईटीआई के सामने सड़क पर तलवार लहराकर उपद्रव करने के तीसरे आरोपी को वीरवार देर शाम गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ के बाद उससे वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि उनकी टीम ने शुभम उर्फ लंबू निवासी अधमी गांव को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी शुभम ने बताया कि उसने अपने दो साथी आरोपी दिलशाद निवासी बापौली, सोहेल उर्फ साहिल निवासी अधमी व वारदात में शामिल फरार अन्य कई साथियों के साथ मिलकर 24 अक्तूबर को आईटीआई के सामने तलवार लहराई थी। उनके दोस्त वाजिद की 24 अक्तूबर को आईटीआई के पास सड़क पर आने जाने वालों के साथ कहासुनी हो गई थी। वाजिद ने यह बात उन दोनों व अन्य साथियों को बताई। 26 अक्तूबर को वाजिद के साथ वह गांव निवासी आकाश व नौ दस अन्य साथी गंडासी, तलवार व डंडे लेकर मोटरसाइकिल पर सवार होकर भलौर रोड पर आईटीआई के सामने पहुंचे थे। यहां उन्हें उपद्रव किया था।