सनौली। किसान सुरेंद्र फौजी बिजली निगम कार्यालय में एसडीओ बापौली के पास बिजली कनेक्शन को ठीक कराने के लिए पहुंचे। उनका आरोप है कि वह तामसाबाद गांव के निवासी हैं और झांबा गांव में रहते है। हरिद्वार हाईवे पर रामड़ा आर गांव के पास किसान का खेत है। सुरेंद्र फौजी के अनुसार उसने अपने खेत में कोई व्यवसाय करने के लिए 2019 में बिजली के कनेक्शन के लिए आवेदन दिया था और उस समय कर्मचारियों ने उससे 38290 रुपये की राशि ऑनलाइन बिजली विभाग के पास सिक्योरिटी में जमा कराई है। इसके बाद कर्मचारियों ने उससे 40 हजार रुपये नकद भी ले लिए। इसके अलावा 40 हजार रुपये और ऑनलाइन जमा करा लिए गए।
किसान सुरेंद्र का अब आरोप है कि उसके पहले से चल रहे बिजली कनेक्शन का लोड योजना के तहत बढ़वा दिया गया और उसको नया कनेक्शन नहीं मिला है। किसान ने इसकी शिकायत गत दिवस सनौली में जन समस्याएं सुन रहे विधायक मनमोहन भडाना को दी और विधायक के कहने पर किसान सुरेंद्र फौजी शुक्रवार को बिजली निगम बापौली के एसडीओ परमिंद्र सिंह से मिले। उन्होंने एसडीओ को सारी स्थिति से अवगत कराया। एसडीओ परमिंद्र सिंह ने किसान को आश्वासन दिया कि वे इस मामले की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई को अमल में लाया जाएगा। संवाद