संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। थाना पुलिस सेक्टर-29 के अंतर्गत किशनपुरा चौकी पुलिस ने युवक का अपहरण कर वसूली व लूट करने के आरोपी किशनपुरा हाल मुखीजा कॉलोनी निवासी संजय उर्फ काला को बुधवार शाम को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
किशनपुरा चौकी प्रभारी कटार सिंह ने बताया कि विद्यानंद कॉलोनी के महावीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह पावरलूम मशीन चलाता है। उसने मुखीजा कॉलोनी निवासी संजय उर्फ काला के 50 हजार रुपये देने थे। संजय उर्फ काला ने फोन कर पैसे मांगे तो वह 25 मई की शाम करीब नौ बजे 50 हजार रुपये का चेक लेकर संजय को देने के लिए गोहाना रोड पर गया था। वह दुर्गा हैंडलूम के पास खड़ा होकर संजय का इंतजार करने लगा। संजय अपनी मां के साथ स्कूटी पर सवार होकर वहा आया और आते ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। संजय ने अपने और दो साथियों को बुला लिया। तीनों आरोपी उसको जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर गोहाना रोड पर सुनसान जगह पर ले गए और वहा उसकी पिटाई कर दी। आरोपियों ने उसका फोन छीन लिया व जेब से आठ हजार रुपये निकाल लिए। आरोपियों ने धमकी देकर उसका वीडियो बनाया और उसकी बाइक देकर किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।