यमुनानगर। विदेश भेजने के नाम पर अंबाला के नहोनी गांव निवासी रणदीप सिंह से छह लाख 20 हजार की ठगी करने के आरोपी खारवन निवासी सुनील कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
अंबाला के नहोनी गांव निवासी माया राम ने बताया कि उनका बेटा रणदीप सिंह विदेश जाना चाहता था। इसके लिए उन्होंने खारवन निवासी सुनील कुमार से बात की जो लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। आरोपी ने उसके बेटे को विदेश भेजने के लिए आठ लाख रुपये का खर्च आने की बात कही।
सब बातें तय होने पर उन्होंने उसे अलग-अलग छह लाख 20 हजार रुपये दे दिए थे। ये रुपये लेने के बाद आरोपी ने उसके बेटे को फर्जी वीजा दे दिया लेकिन विदेश नहीं भेजा था। आरोपी ने अपने साथियों पंचकूला के गढ़ी रायपुरानी निवासी राजीव, टपरियो गांव निवासी गुरपाल व लालपुर निवासी लाभ सिंह के साथ मिलकर ठगी की थी। सदर जगाधरी थाना पुलिस ने अब आरोपी सुनील को गिरफ्तार किया है।