पानीपत। थाना सेक्टर-13-17 पुलिस ने दोस्त पर जानलेवा हमला करने के आरोपी गौरव निवासी देशराज कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मंगलवार देर शाम को यमुना एन्क्लेव के पास पेट्रोल पंप से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने बताया कि उसने अपने दोस्त लवकेश से 34 हजार रुपये उधार लिए थे। वह पैसे वापस मांग रहा था। जिसकी रंजिश में उसने वारदात को अंजाम दिया था।
थाना सेक्टर 13-17 प्रभारी किरण ने बताया कि नूरवाला की डाबर कॉलोनी निवासी सचिन ने 18 अक्तूबर को मुकदमा दर्ज कराया था। उनका कहना था कि उसके भाई लवकेश को कॉलोनी निवासी गौरव पेट्रोल पंप पर जाने की बात बोलकर घर से अपने साथ ले गया था। गौरव ने पैसों के लेन देन को लेकर यमुना एन्क्लेव के नजदीक पेट्रोल पंप के पास लवकेश पर चाकू से हमला कर दिया। गौरव ने सीने, कमर व हाथ पर वार किए। लवकेश ने गौरव से चाकू छीनकर स्कूटी की डिग्गी में डाल दिया। गौरव लवकेश को अस्पताल में छोड़कर वहां से फरार हो गया। गौरव ने रात करीब तीन बजे मैसेज कर बताया की स्कूटी घरौंडा बस स्टैंड पर खड़ी है। यहां ले जाना। घरौंडा बस स्टैंड से वे स्कूटी लेकर आए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मंगलवार शाम को पुलिस ने आरोपी गौरव को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पैसे के लेन-देन की रंजिश में वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि उसने लवकेश से 34 हजार रुपये उधार लिए थे। अब वह पैसे वापस करने का दबाव बना रहा था। जिस कारण उसने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।