पानीपत। किला थाना की पुलिस ने स्कूटर बेचने के नाम पर भारत नगर बबैल रोड के एक युवक से 72 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में एक ठग को वीरवार शाम को वार्ड 11 चुंगी से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रानी मोहल्ला निवासी हर्षित के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे एक दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ करने के साथ ही ठगी की नकदी बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
थाना किला प्रभारी श्रीनिवास ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर भारत नगर बबैल रोड के कृष्ण की शिकायत पर सितंबर 2024 में थाना किला में धोखाधड़ी का अभियोग दर्ज किया था। शिकायत में कृष्ण ने बताया कि कक्कड़ चौक निवासी हर्षित और वह एक साथ बैठकर खाते पीते थे। दोनों की करीब छह महीने पहले की दोस्ती हुई थी। 27 जुलाई 2023 को हर्षित ने उसके व्हाट्सएप नंबर पर इलेक्ट्रिक स्कूटरों की फोटो भेजी और कहा स्कूटर की 63 हजार रुपये कीमत है। वह उसे स्कूटर पर 28 हजार की छूट देगा। हर्षित उसके पास स्कूटर की फोटो भेजकर कम दाम बताकर लुभा दिया। उसने विश्वास कर दो स्कूटर खरीदने के लिए हर्षित को 23 अगस्त 2023 को 72 हजार रुपये गूगल-पे पर दिए। हर्षित ने तीन-चार दिन में स्कूटर देने की बात कही। इसके बाद बहाने बनाकर आज-कल कहकर टालने लगा। उसने शिकायत करने की बात कही तो हर्षित ने उसके फोन से व्हाट्एप चैट डिलिट कर दी और फोन उठाने बंद कर दिए। हर्षित ने स्कूटर बेचने के नाम पर धोखाधड़ी कर उससे उक्त राशि की ठगी कर ली। प्रभारी श्रीनिवास ने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी हर्षित को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया।