पानीपत। सीआईए थ्री पुलिस ने सनौली रोड स्थित एक कार्यालय में घुसकर मोहम्मद फारूक पर लाठी-डंडों से हमला करने के मामले में आरोपी फुरकान को गिरफ्तार किया है। आरोपी नवादा पार का रहने वाला है और उसे वीरवार शाम कुराड़ गांव के पास एक ढाबे से पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार और डंडा भी बरामद किया है।
पूछताछ के बाद शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। सीआईए थ्री प्रभारी सुभाष ने बताया कि आरोपी ने अपने बेटे सुहेल और अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दो दिन पहले मनमोहन नगर में फारूक और आरोपियों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसकी रंजिश में हमला किया गया। शिकायत के अनुसार 11 जून को आरोपी अपने साथ 7-8 युवकों को लेकर ऑफिस में घुसा और फारूक पर जानलेवा हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया, जबकि आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए थे।
यह है मामला
थाना चांदनी बाग में नवादा पार गांव निवासी मोहम्मद फारूख ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका वेस्ट गत्ते का काम है और सनौली रोड स्थित पत्थर मार्केट के पास भारत ट्रेडिंग के नाम से ऑफिस किया हुआ है। 11 जून को दोपहर 12 बजे गांव निवासी फुरकान गाड़ी में सवार होकर उसके ऑफिस आया और कुछ देर हाल चाल पूछने के बाद वहा से चला गया। करीब डेढ घंटे बाद फुरकान अपने बेटे सुहेल व सात से आठ अन्य युवकों को साथ लेकर दोबारा ऑफिस पर आया। आरोपियों ने ऑफिस से अंदर घुसकर उसके ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। ऑफिस में पहले से मौजूद शाकिर व सद्दाम ने बीच बचाव कर आरोपियों से उसको छुड़ाया। हमला कर जाते हुए आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।