मेन हरिद्वार रोड पर वीरवार को सड़क पर ही खड़े एक खराब कंटेनर से सवारियों से भरी उत्तराखंड परिवहन की एक बस टकरा गई। इस हादसे में बस में सवार चालक-परिचालक समेत 11 यात्री घायल हो गए। घायलों को सनौली थाना पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं बस चालक की शिकायत पर कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसमें सड़क पर कंटेनर खड़ा करने सहित लापरवाही बरतने को लेकर पुलिस ने कंटेनर को भी कब्जे में ले लिया हैं। अब पुलिस कंटेनर चालक की तलाश कर रही हैं।
घटना वीरवार सुबह 7 बजे की है। इस समय धुंध व कोहरा भी छाया हुआ था। इसी समय पानीपत से सवारियों को भरकर एक उत्तराखंड रोडवेज परिवहन की बस सनौली मैन हरिद्वार रोड से यूपी टनकपुर की ओर जा रही थी। जब बस सनौली थाना के पास पहुंची तो यहां सड़क पर ही खड़े एक खराब कंटेनर से टकरा गई। इसमें चालक नवीन कुमार, परिचालक विजय कुमर सहित बस में सवार 11 यात्री घायल हो गए। बस की कंटेनर से टक्कर हो जाने पर तुरंत सनौली थाना पुलिस टीम ने घायलों को बस से निकाल कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, कुछ वाहन घायलों को उपचार के लिए यूपी की तरफ चले गए। सनौली थाना पुलिस ने बस चालक नवीन के बयान पर कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी हैं।