पानीपत। चौटाला रोड पर रविवार शाम करीब छह बजे सड़क हादसे में ट्रक की टक्कर से 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वह पति और बेटी के साथ सोनीपत में एक रस्म क्रिया में शामिल होने बाइक से जा रही थी। हादसे में पति और बेटी घायल हो गए जबकि आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को दे दिया है।
गांव डाडौला निवासी महेंद्र सिंह पुत्र लख्मी चंद ने बताया कि उसकी सेक्टर 25 में चाय की दुकान है। रविवार को अपनी बाइक से पत्नी कविता (32) और बेटी प्रतिष्ठा (4) के साथ डाडोला से सोनीपत एक बुजुर्ग महिला की रस्म क्रिया पर ससुराल जा रहे थे। जब वे चौटाला रोड से आगे पहुंचे तो सामने एक ट्रक चल रहा था। वे ओवरटेक करने लगे तो ट्रक चालक ने उसकी तरफ ट्रक घुमा दिया। ट्रक की साइड बाइक को लगी तो संतुलन बिगड़ गया। बाइक समेत वे तीनों सड़क पर गिरे। वह और बेटी प्रतिष्ठा ट्रक से उल्टी दिशा में और पत्नी कविता ट्रक की दिशा में गिरी। ट्रक ने पत्नी को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सेक्टर 29 थाना से जांच अधिकारी एएसआई अजमेर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी ट्रक चालक की तलाश जारी है। महेंद्र ने बताया कि उसकी दो बेटियां है, बड़ी छह और छोटी चार साल की है।