फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat News: वायरस भेज कपड़ा व्यापारी का डाटा किया एक्सेस, 7 लाख रुपये ट्रांसफर

विज्ञापन
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। अंसल सुशांत सिटी निवासी कपड़ा व्यापारी के फर्म के कंप्यूटर में जिप फाइल के जरिये संदिग्ध वायरस भेजकर डाटा एक्सेस करने के बाद ठगों ने व्यापारी के नाम से फर्जी व्हाट्सएप खाता बनाया। इसके जरिये अकाउंटेंट से फर्म के तीन बैंक खातों की जानकारी लेने के बाद सात लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर अपराध थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

अंसल सुशांत सिटी निवासी अभिनंदन जैन ने बताया कि वह कपड़े का कारोबार करते हैं। उनकी फर्म में हासिम अंसारी अकाउंटेंट हैं। 11 अगस्त को अकाउंटेंट के व्हाट्सएप पर ग्वालियर की एक व्यावसायिक पार्टी के नाम से मैसेज आया। इसमें जिप फाइल भेजी गई थी। मैसेज के निर्देश पर अकाउंटेंट ने फाइल फर्म का लेखा-जोखा रखने वाले मुख्य कंप्यूटर में खोल दी। आरोप है कि इसके बाद ठगों ने कंप्यूटर का एक्सेस हासिल कर लिया।
शिकायत के अनुसार, 24 अगस्त को ठगों ने अकाउंटेंट के मोबाइल में व्यापारी अभिनंदन जैन के नाम से एक नया नंबर सेव करवाया। इस नंबर से फर्जी व्हाट्सएप के जरिये फर्म के बैंक खातों का बैलेंस पूछा गया। अकाउंटेंट ने तीनों खातों के बैलेंस के स्क्रीनशॉट भेज दिए। इसके बाद ठगों ने 20 लाख रुपये ट्रांसफर करने को कहा। खातों में 7.97 लाख रुपये उपलब्ध होने पर अकाउंटेंट ने उनके कहने पर सात लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।
विज्ञापन

अभिनंदन जैन ने बताया कि 18 सितंबर को बैंक खाते देखने पर धोखाधड़ी का पता चला। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की। 20 सितंबर को साइबर अपराध थाने में शिकायत दी। साइबर थाना प्रभारी अजय ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
तीन क्रेडिट कार्डों से 1.92 लाख रुपये निकाले
पानीपत। देशराज कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति के साथ करीब 1.92 की साइबर ठगी कर ली। ठगों ने उसे जीमेल आईडी और क्रेडिट कार्ड संबंधी गोपनीय जानकारी के आधार पर यह ठगी की है। ठगों ने तीन अलग-अलग बैंकों के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर 11 बार में यह राशि निकाली है। साइबर अपराध थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
देशराज कॉलोनी के सुरेंद्र ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर को ठगों ने उनके एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड से 99,998 रुपये और एसबीआई क्रेडिट कार्ड से 2,000 रुपये काट लिए। इसके बाद 19 सितंबर को आरोपियों ने आरबीएल बैंक के क्रेडिट कार्ड से नौ ट्रांजेक्शन कर 89,993 रुपये निकाल लिए गए। साइबर थाना पुलिस के प्रभारी अजय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो

साइबर ठगी से बचने के लिए ये सावधानियां बरतें
साइबर थाना प्रभारी अजय ने बताया कि व्हाट्सएप या ईमेल पर आई अज्ञात फाइल डाउनलोड या ओपन न करें। परिचित या अधिकारी के नाम से नए नंबर से मैसेज आने पर पुराने नंबर पर कॉल कर पुष्टि करें। जल्दबाजी या इमरजेंसी का हवाला देकर पैसे मांगे जाएं तो बिना पुष्टि के ट्रांसफर न करें। कंप्यूटर में अपडेटेड एंटीवायरस रखें और जागरूक रहें। किसी प्रकार की ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें