पानीपत के राणा माजरा गांव में घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही आशा वर्करों को गांव के कुछ युवाओं ने पीट दिया। आशा वर्कर संगीता व पूजा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने उनकी ड्यूटी लोगों की स्क्रीनिंग करने की लगाई है। उनको हर रोज रिपोर्ट देनी होती है। वे बुधवार को राणा माजरा गांव में घर-घर जाकर लोगों की जांच कर रही थी।
उनसे कोरोना के लक्षणों के बारे में पूछ रही थी। तभी वहां पर कुछ युवा आए और उनके मुंह पर थूक दिया। उनके साथ मारपीट भी गई। उनके घर वालों से छुड़वाने का प्रयास किया तो उन पर भी चाकू से हमला किया गया। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तब तक आरोपी फरार हो गए।
उन्होंने इसकी शिकायत सिविल सर्जन को भी दी है। उनकी मांग है कि उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाए। लोग उनके साथ मारपीट कर रहे हैं। वहीं इस बारे में डीएसपी सतीश वत्स का कहना है कि शिकायत झगड़े की आई थी। उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है।