संवाद न्यूज एजेंसी
सनौली। जिला स्तरीय कल्चरल फेस्ट (सांस्कृतिक उत्सव) में शानदार प्रदर्शन करते हुए आरोही मॉडल स्कूल, छाजपुर कलां की छात्राओं ने ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम कर ली। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर स्कूल पहुंचने पर प्रधानाचार्य हेमलता बालियान और शिक्षकों ने सभी विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
प्रधानाचार्य हेमलता बालियान ने कहा कि आज कला, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने वाले युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। नोडल अधिकारी मीनू चौधरी ने भी सह-शैक्षणिक गतिविधियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास बढ़ाने के लिए जरूरी बताया।
प्रतियोगिता में आरोही मॉडल स्कूल, छाजपुर कलां की टीम ने कक्षा 9 से 12 के समूह नृत्य में प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा 6 से 8 के सोलो डांस वर्ग में वंशिका, नव्या, कनिका और जोया प्रथम रहीं। वहीं, कक्षा 9 से 12 के सोलो डांस में रितिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
रागनी में अभिषेक ने तृतीय स्थान हासिल किया, जबकि स्किट (नाटक) स्पर्धा में तन्नू एंड ग्रुप ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जिला स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले ये विजेता विद्यार्थी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर दीपिका, गजल, मीनाक्षी और अजय मौजूद रहे।