पानीपत। जीटी रोड पर गोशाला के पास अज्ञात वाहन ने एक युवक को टक्कर मार दी और उसे कुचलते हुए आगे बढ़ गया। हादसे के दौरान व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, चांदनीबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और आरोपी वाहन की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन 24 घंटे बाद भी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
जाटल गांव निवासी सचिन ने बताया कि वह मंगलवार रात 11 बजे घूमने के लिए जीटी रोड पर निकला था, जब वह गउशाला के पास पहुंचा तो एक अज्ञात व्यक्ति (35) का शव खून ने लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि यह अज्ञात व्यक्ति संजय चौक के आस पास घूमता रहता था। वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। मंगलवार रात अज्ञात वाहन ने व्यक्ति को टक्कर मार दी, सिर कुचलने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने हादसे की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी, सूचना पाकर चांदनीबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई में जुट गई।