पानीपत। थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र में कच्चा कैंप क्षेत्र में तीन युवकों ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर एक युवक पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित युवक का फोन लेकर साथ में कंप्यूटर सीख रही युवती ने एक युवक से बात की थी। जिसकी रंजिश में हमलावरों ने उस पर हमला दिया। पुलिस ने युवक के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
अंबाला करतार नगर निवासी गुलशन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बत्रा कॉलोनी में किराये के मकान में रहता है और एक फैक्टरी में गार्ड है। उसका लड़का भोला कच्चा कैंप क्षेत्र में एक कंप्यूटर सेंटर पर कंप्यूटर का प्रशिक्षण लेने के लिए जाता है। जहां पर उसके साथ एक युवती भी प्रशिक्षण ले रही है। छह जून को युवती ने भोला का मोबाइल फोन लेकर कार्तिक नाम के एक युवक से बात की थी। कुछ देर बाद कार्तिक ने फिर भोला को वापस फोन किया और कहा कि उसने उसकी युवती को अपना फोन देकर बात क्यों कराई। कार्तिक ने उसके साथ गाली गलौज की।
उसी दिन रात को करीब साढ़े 10 बजे वह अपने बेटे भेला के साथ जिम से वापस लौट रहा था। रास्ते में कार्तिक, पवन और शुभम ने उन्हें रोक लिया और अपने कुछ अन्य साथियों से मिलकर हमला कर दिया। जिससे भोला को गंभीर चोट आई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन युवकों को नामजद करते हुए केस दर्ज कर लिया है।