मतलौडा। मतलौडा अनाज मंडी में पंचायत के दौरान झगड़े में चाकू लगने से घायल नैन गांव के विकास उर्फ विक्की (35) की वीरवार को पीजीआई रोहतक में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह कवी गांव के जीता के पक्ष से था। बाबा पक्ष के लोगों ने चाकू से हमला किया था। मौत का कारण आंत का कटना बताया गया है। मतलौडा थाना की पुलिस ने पीजीआई रोहतक में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में हत्या की धारा जोड़ ली गई है। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर दो मुकदमे दर्ज किए हैं। अब तक चार लोगों की गिरफ्तारी की गई है।
मतलौडा अनाज मंडी में पैसों के लेनदेन के लिए नौ अक्तूबर को पंचायत चल रही थी। दुकान नंबर 35 में पंचायत के दौरान दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई। इस बीच एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोली चला दी। इसके बाद चाकू चला। जिसमें गांव नैन के विकास उर्फ विक्की गुर्जर और अजीत सिंह उर्फ जीता घायल हो गए। दोनों घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गंभीर हालत होने के कारण विकास उर्फ विक्की को पीजीआई रोहतक भेज दिया था। जहां विकास उर्फ विक्की ने वीरवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में मतलौडा के दीपक, सोनू, खुखराना के शुभम और खंडरा के विकास उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथी जीतू और अन्य के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
मतलौडा अनाज मंडी में पंचायत के दौरान झगड़े में घायल विकास उर्फ विक्की की पीजीआई रोहतक में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में हत्या की धारा जोड़ ली है। पुलिस बाकी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी।
पवन कुमार, प्रभारी, थाना मतलौडा।