पानीपत। मॉडल टाउन में रामलाल चौक के पास शॉपिंग करने आई एक युवती की एक युवक ने पिटाई कर दी। युवती ने आरोपी युवक के खिलाफ पहले चांदनी बाग में एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसी की बारे में बात करने के लिए आरोपी युवती को बाल विकास स्कूल के पास एकांत में ले गया था। आरोपी ने केस वापस न लेने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
थाना चांदनीबाग क्षेत्र निवासी एक युवती ने मॉडल टाउन थाने में शिकायत देकर बताया कि उन्होंने हनुमान कॉलोनी के विशाल के खिलाफ चांदनीबाग में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वह शनिवार को शॉपिंग करने के लिए थाना मॉडल टाउन क्षेत्र के रामलाल चौक पर आई थी। विशाल भी मोटरसाइकिल लेकर पहुंच गया, उसने केस के बारे में बात करने को कहा और उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर बाल विकास स्कूल के पास एक गली में ले गया। यहां पर उनको केस वापस लेने की बात कही। उन्होंने इन्कार किया तो विशाल ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी, उनकी आंख व माथे पर चोट लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विशाल ने केस वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी है।
एक युवती की शिकायत पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-जगमिंद्र सिंह, प्रभारी थाना मॉडल टाउन।