समालखा। विधायक मनमोहन भड़ाना ने कहा कि वे लोगों के मकान तुड़वाने के लिए नहीं बल्कि उनकी सेवा करने के लिए आए हैं। हलके में लगातार विकास कराया जा रहा है। उन्होंने यह बात बुधवार को नगर परिषद के पार्षद प्रतिनिधि एवं समाजसेवी विकास कुहाड़ के कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में कही। विधायक मनमोहन भड़ाना ने फिरनी की पैमाइश लेकर पहुंचे किसान पर्स राम की मांग पर स्पष्ट कहा कि वे किसी का मकान तुड़वाने के पक्ष में नहीं हैं। विकास कुहाड़ और पूर्व पार्षद जयपाल कुहाड़ ने शहर की प्रमुख समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं और उनके नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। पूर्व पार्षद जयपाल कुहाड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य में तेज गति से विकास किया जा रहा है और बजट जन आकांक्षाओं को पूरा करेगा। इस मौके पर नगर परिषद चेयरमैन अशोक कुच्छल, पार्षद रेनू धीमान, अजय शर्मा, नरेश कौशिक, अनिल कालीरमन व कप्तान छौक्कर मौजूद रहे।