हादसे के बाद घटना स्थल पर जांच करती पुलिस टीम। संवाद
इसराना। थाना इसराना क्षेत्र में शुगर मिल के पास गन्ने से लदे ट्रैक्टर-ट्राॅली को रोहतक की तरफ से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से किसान पवन (39) निवासी सिवाह की मौके पर ही मौत हो गई। किसान मंगलवार को गन्ने की ट्राली लेकर शुगर मिल में जा रहे थे। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सिवाह गांव के अनिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके भाई मंगलवार को गन्ने की ट्राॅली लेकर शुगर मिल जा रहे थे। वे जैसे ही रोहतक हाईवे से शुगर मिल की तरफ मुड़ने लगे तो रोहतक की तरफ से आ रहे अनियंत्रित ट्राले के चालक ट्रैक्टर को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर पलट गया।
पवन ट्रैक्टर के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर इसराना थाना पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। उधर, हादसे के बाद ट्राॅला चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्राॅले को अपने कब्जे में ले लिया। इसराना थाना पुलिस के प्रभारी महिपाल सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है। आरोपी ट्राॅला चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।