पानीपत। कागजों पर फर्जी तरीके से हस्ताक्षर कराकर जम्मू के दो भाइयों ने पानीपत के ट्रांसपोर्टर के नाम पर फर्म बनाकर कारोबार शुरू कर दिया।
फर्म में ट्रांसपोर्टर के दस्तावेज और घर का पता प्रयोग किया गया। जब ट्रांसपोर्टर को इसका पता चला तो उसने एसपी को इसकी शिकायत दी। एसपी के आदेश के बाद थाना सेक्टर सेक्टर 13/17 ने केस दर्ज कर लिया है।
मामला थाना सेक्टर 13/17 का है। हुड्डा सेक्टर 13 निवासी हरदेव सिंह ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि उसका ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। करीब छह साल पहले जम्मू के दो भाई निकेत और शिवांशु उसके पास आए और कहा कि वह बिट्टूमन का काम करते हैं। वह पानीपत में कारोबार करना चाहते हैं और इसके लिए पानीपत का स्थायी पता चाहिए। जिससे उन्हें काम की परमिशन मिल सके। झांसे में लेकर आरोपियों ने कुछ दस्तावेजों पर उससे हस्ताक्षर करा लिए।
हरदेव का कहना है कि कुछ दिन बाद उसे पता चला कि दोनों भाइयों ने उसके दस्तावेज के आधार पर एक फर्म बना ली और फर्म का पता भी उसकी के घर के पते को दर्ज करा दिया।
हरदेव का आरोप है कि उन्होंने उसके दस्तावेजों का गलत प्रयोग किया है। एसपी के आदेश के बाद दोनों भाइयों के खिलाफ थाना सेक्टर 13/17 में केस दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।