संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना। इसराना में निजी अस्पताल के पास हुए झगड़े में व्यक्ति पर चाकू से हमला करने के मामले में इसराना थाना पुलिस ने एक आरोपी नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
इसराना थाना प्रभारी महीपाल सिंह ने बताया कि इसराना के सूरज ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उनका कहना था कि वह फलों की रेहड़ी लगाते हैं। 14 सितंबर की शाम को वह काम से घर लौट रहे थे। उनके पड़ोसी विनय उर्फ बीनू का अपने परिवार के साथ झगड़ा हो रहा था और काफी लोग खड़े थे। आवाज सुनकर वह भी चला गया। वहा पहुंचते ही बीनू, आकाश उर्फ गौरव व नीरज ने पास आकर उसका गला पकड़ लिया और धमकी देने लगे।
कुछ देर बाद पता चला कि झगड़े में कोई घायल हो गया है और उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब वह अस्पताल पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। सूरज का आरोप है कि बीच बचाव में आए उनके पिता कृष्ण पर भी आरोपियों ने हमला किया। चाकू लगने से वह घायल हो गए।