पानीपत। ज्ञान मानसरोवर रिट्रीट सेंटर के तत्वावधान में ब्रह्माकुमारीज द्वारा रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर वंदे मातरम् स्वर्णिम भारत विषय पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम के मुख्यातिथि हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण और मेयर कोमल सैनी रहीं। इस दौरान विधानसभा के अध्यक्ष ने बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए पूरे समाज को सुरक्षित वातावरण बनाने का आह्वान किया।
अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि नारी समाज की शक्ति है और जब महिलाओं को सम्मान, शिक्षा और संस्कार मिलते हैं तो राष्ट्र स्वतः ही उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ता है। बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए पूरे समाज को मिलकर एक सुरक्षित वातावरण बनाना होगा। मुख्य वक्ता ज्ञान मानसरोवर निदेशक राजयोगी भारत भूषण ने कहा कि नारी शक्ति समाज की आधारशिला है।
जब महिलाएं आध्यात्मिक मूल्यों और संस्कारों से सशक्त बनती हैं तब परिवार, समाज और राष्ट्र में सकारात्मक परिवर्तन संभव होता है। उन्होंने कहा कि राजयोग से आत्मिक जागरूकता बढ़ाकर महिलाएं अपने जीवन में शांति, शक्ति और संतुलन ला सकती हैं। इससे स्वर्णिम भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।
मेयर कोमल सैनी ने कहा कि महिला दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि नारी के सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और समाज निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।