पानीपत। थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र की एक कॉलोनी की 15 वर्षीय एक किशोरी को पड़ोसी युवक व उसका दोस्त बहलाकर दिल्ली ले गए। वापस पानीपत आते समय गन्नौर रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन के बाथरूम में एक युवक ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। पानीपत पहुंचने पर एक अन्य दोस्त को बुला लिया और किशोरी को मोटरसाइकिल पर लेकर घूमते रहे। पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर आरोपी युवक उसके दो दोस्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना पुराना औद्योगिक प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सोमवार को एक किशोरी ने थाने में शिकायत दी थी। किशोरी का कहना था कि उसकी पड़ोस में रहने वाले साहिल नाम के युवक के दोस्ती थी। रविवार को साहिल उसे बहलाकर घर से ले गया। कुछ दूरी पर चलने पर साहिल का एक अन्य दोस्त अरमान भी मिला। दोनों उसे लेकर दिल्ली चले गए। जहां पर वह दिनभर घूमे। इसके बाद वह ट्रेन में सवार होकर दिल्ली से वापस पानीपत आ रहे थे।
किशोरी का आरोप है कि जैसे ही ट्रेन सोनीपत के गन्नौर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची थी तो वह ट्रेन के बाथरूम में गई। साहिल भी पीछे-पीछे उसके साथ बाथरूम में चला गया और जबरदस्ती उसके साथ गलत काम किया। इसके बाद करीब 11 बजे वह पानीपत रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां पर आकाश नाम का युवक मोटरसाइकिल लेकर पहुंचा। इसके बाद वे सभी रात को मोटरसाइकिल से शहर में घूमते रहे। अगले दिन सुबह आठ बजे साहिल उसे घर छोड़कर गया। थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच के बाद मंगलवार शाम को पुलिस ने एक आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया है।