पानीपत। श्री महादेव अमरनाथ सेवा समिति का एक दल अमरनाथ यात्रा के दौरान भंडारा लगाने के लिए आवश्यक खाद्य सामग्री लेकर सोमवार को रवाना हुआ। अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू होगी और नौ अगस्त तक चलेगी। समिति द्वारा पूरी अमरनाथ यात्रा के दौरान नागाकोटी पड़ाव पर भंडारा लगाया जाएगा। समिति द्वारा भक्तों के लिए भंडारे के साथ दवा और सोने की व्यवस्था भी की जाएगी।
समिति के चेयरमैन विजय जैन ने सोमवार को खाद्य सामग्री के ट्रक झंडी देकर रवाना किए। इससे पहले मॉडल टाउन स्थित मुल्तान भवन में हवन किया। भंडारे के लिए राशन व अन्य सामान लेकर समिति का एक दल रविवार को अमरनाथ के लिए रवाना होना था लेकिन कुछ कारणों की वजह से दल सोमवार को रवाना किया।
भंडारा तीन जुलाई से नौ अगस्त तक चलेगा। यात्रा शुरू होने में कम ही समय बचा है। भंडारे में खाद्य सामग्री के साथ दवा, कंबल व रहने की व्यवस्था की जाएगी। दान-पुण्य के कार्य के लिए शहर के अनेक संस्थान व सामाजिक कार्यकर्ता भी आगे आए हैं। जो समिति के साथ मिलकर भंडारे में आर्थिक व शारीरिक रूप से सहयोग देंगे। बाबा शिव के भक्तों को हर प्रकार की सुविधा देने के लिए समिति प्रयास करेगी। यात्रियों को सोने की व्यवस्था भी समिति द्वारा की जाएगी। महामंडलेश्वर अरुण दास महाराज ने ट्रकों को विधि विधान के साथ पूजा की। संस्था के प्रधान दिलावर सिंह खर्ब ने लोगों को पानीपत के भंडारे में पहुंचने की अपील की।
इस मौके पर वाइस चेयरमैन कृष्ण चंद बंसल, पुरुषोतम गोयल, अशोक सलूजा, महासचिव विशाल धवन, सचिव दीपांश, चांद मिगलानी, कार्यकारी अध्यक्ष लवली बवेजा व अनिल रोहिल्ला मौजूद रहे।