पानीपत। थाना किला क्षेत्र के पत्थर वाली गली वार्ड-11 में करंट लगने से एक युवती की मौत हो गई है। कपड़े धोते समय यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
वार्ड-11 पत्थर वाली गली निवासी समीर ने बताया कि उसके बड़ी बहन आयशा सलारगंज में एक दुकान पर काम करती थी। शनिवार रात को वह कपड़े धो रही थी। कपड़े धोने के बाद वह पानी में भीग गई थी। जिस समय वह वाशिंग मशीन बंद करने लगी तो वहां पर लटकी एक तार से उसे करंट लग गया। जिससे वह बेसुध हो गई। परिजन युवती को लेकर जिला नागरिक अस्पताल में पहुंचे। जहां पर चिकित्सक ने आयशा को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। रविवार को किला थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।