समालखा। ऐतिहासिक और धार्मिक आस्था के केंद्र प्रसिद्ध चुलकाना धाम में 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी व द्वादशी पर श्री श्याम बाबा का विशाल मेला आयोजित किया जाएगा। इस वार्षिक मेले को लेकर श्याम भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए इस बार मंदिर परिसर की साफ-सफाई, भव्य सजावट और श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी सरकार द्वारा संभाली जाएगी।
मेले से पूर्व ही धाम में भक्तिमय माहौल बन गया है। रविवार को पानीपत, गन्नौर, गोहाना, करनाल, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बड़ौत सहित विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पैदल ध्वज (निशान) यात्राएं लेकर चुलकाना धाम पहुंचे। भक्तों ने नाचते-गाते हुए बाबा के दरबार में ध्वज अर्पित किए और सुख-समृद्धि की कामना की। श्याम बाबा के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। इस दौरान पानीपत से आई विशेष ध्वज यात्रा श्रद्धालुओं के बीच मुख्य आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें भक्त 351 फीट लंबी भव्य ध्वजा लेकर पहुंचे और पूरे विधि-विधान के साथ बाबा के चरणों में समर्पित किया।
श्री श्याम बाबा के जन्मोत्सव और मेले की तैयारियों को लेकर श्रद्धालुओं ने प्रशासन व सरकार से विशेष प्रबंध करने की मांग की है। भक्तों का कहना है कि मंदिर परिसर के साथ-साथ गांव के बाहर बने बाबा श्याम के चारों मुख्य द्वारों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही, इन द्वारों और पूरे मंदिर प्रांगण को फूल-मालाओं व रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया जाए।
श्रद्धालुओं ने सुझाव दिया है कि मेले में लाखों की संख्या में भक्तों के पहुंचने का अनुमान है, ऐसे में सुगम दर्शन और अलग से पूजा-पाठ करने की समुचित व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी भक्त को असुविधा न हो। ग्राम पंचायत सरपंच सतीश छौक्कर ने बताया कि देवउठनी एकादशी पर मंदिर में विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा। भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।