करीब 15 लाख रुपये कीमत के स्मार्टफोन बरामद, सीईआईआर पोर्टल और तकनीकी सर्विलांस की मदद से अलग-अलग राज्यों तक पहुंची साइबर सेल की टीम
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिला पुलिस की साइबर सेल टीम ने दिवाली पर 65 लोगों को उनके गुम हुए मोबाइल लौटाकर खुशियां दोगुनी कर दीं। सीईआईआर पोर्टल पर मिली शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वर्ष 2023 से 2026 के बीच गुम हुए 65 स्मार्टफोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है। पुलिस ने शुक्रवार को जिला सचिवालय की तीसरी मंजिल स्थित पुलिस सभागार में मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हर्षित गोयल ने मोबाइल स्वामियों को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए उनके फोन लौटाए। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। गुम हुए मोबाइल तलाशकर उनके मालिकों को लौटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अब तक सैकड़ों लोगों को उनके मोबाइल वापस दिलाए जा चुके हैं। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सर्विलांस और सीईआईआर पोर्टल से मिली कामयाबी
साइबर सेल प्रभारी हिमांशु कंबोज और उनकी टीम को गुम हुए मोबाइल तलाशने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और सीईआईआर पोर्टल के डाटा की मदद से मोबाइल की लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद शहर और दूसरे राज्यों के अलग-अलग क्षेत्रों से 65 मोबाइल बरामद किए गए।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर सीईआईआर पोर्टल www.ceir.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ नजदीकी थाने या साइबर सेल को भी सूचना दें। पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक कराया जा सकता है, जिससे उसके दुरुपयोग की आशंका कम होती है और पुलिस को उसे ट्रेस करने में मदद मिलती है।
फोन मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को मिला दिवाली का तोहफा
भारत नगर निवासी प्रदीप ने बताया कि फरवरी में नए बस स्टैंड के पास उनकी जेब से मोबाइल निकल गया था। मजबूरी में उन्हें नया फोन खरीदना पड़ा। पुराने मोबाइल में काफी जरूरी डाटा था। उन्होंने बच्चों के लिए नया मोबाइल लेने की योजना बनाई थी, लेकिन शुक्रवार को पुलिस से फोन मिलने की सूचना आई तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी उपेंद्र ने बताया कि वह रिफाइनरी गेट नंबर-4 के पास किराये के कमरे में रहते हैं। पिछले महीने दोपहर को वह लंच करने कमरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने मोबाइल चार्जिंग पर लगाया था, लेकिन किसी ने फोन उठा लिया। उन्होंने सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। अब पुलिस ने उनका मोबाइल बरामद कर उन्हें लौटा दिया है।
20