-धान की आवक के साथ खरीद तेज की, सरकारी एजेंसियों की उठान प्रक्रिया सुस्त
-खरीद एजेंसियों ने किसानों को 25.43 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का किया भुगतान
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिले की मंडियों में धान आवक के साथ खरीद ने तेजी पकड़ ली है। इन सबके बीच सरकारी एजेंसियों का उठान बेहद सुस्त है। ऐसे में 2.65 करोड़ का भुगतान अटका हुआ है। किसानों को दिवाली मनाने की चिंता बन गई है।
पानीपत। जिले की मंडियों में अब तक 2,38,726 मीट्रिक टन धान की आवक हुई है। इसमें से अकेले बासमती और 1509 किस्म की आवक सबसे अधिक रही है। इसमें से 2,38,726 मीट्रिक टन धान की खरीद कर लीहै। सरकारी खरीद एजेंसियों ने 11,502.7 मीट्रिक टन धान का उठान किया है। मंडियों में लगभग 4,944.5 मीट्रिक टन धान बाकी है। इसकी उठान दर 69.93 प्रतिशत दर्ज की है। खरीद एजेंसियों उठान के आधार पर करीब 28.08 करोड़ रुपये का भुगतान देय बनता है। इसमें हैफेड एजेंसी का 10.05 करोड़ रुपये और हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन (एचडब्ल्यूसी) का करीब 18.03 करोड़ रुपये है। एजेंसियों ने 25.43 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। करीब 2.65 करोड़ रुपये का भुगतान बाकी है।
बुआना लाखू गांव के किसान राममेहर सिंह ने बताया कि एक सप्ताह धान बेचा था। नियमानुसार 72 घंटे के भीतर खाते में सीधे भुगतान होना था। उन्हें अगली गेहूं की बिजाई के लिए खाद, बीज और डीजल का प्रबंध करना है। इसके लिए पैसे की सख्त जरूरत है। बैंक और मंडी के चक्कर काटने के मजबूर है। मांडी गांव के किसान कुलदीप सिंह ने बताया कि मंडियों से धान का उठान समय पर न होने से उनकी बिक चुकी फसल मंडी में पड़ी है। कुलदीप ने बताया कि दिवाली का त्योहार नजदीक है और ऐसे समय में फसल का भुगतान अटकने से परिवार के त्योहार की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि धान की आवक के साथ खरीद कार्य लगातार किया जा रहा है। सरकारी एजेंसियों को उठान के साथ भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं।