पानीपत। आईबी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कॉमर्स एसोसिएशन और वाणिज्य व प्रबंधन विभाग द्वारा मंगलवार को रंगोली प्रतियोगिता कराई। विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगों और आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता व कला-कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के लिए हरियाणा संस्कृति, सतत भारत और भारतीय त्योहार व सांस्कृतिक विरासत जैसे विषय निर्धारित किए गए थे।
प्रतियोगिता में बीकॉम तृतीय वर्ष की रिंकी ने प्रथम, बीबीए द्वितीय वर्ष की तनू और बीबीए तृतीय वर्ष की वृंदा ने संयुक्त रूप से द्वितीय, जबकि बीकॉम प्रथम वर्ष की दीपा और बीकॉम तृतीय वर्ष की मीनाक्षी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। बीकॉम प्रथम वर्ष के कमल और हर्षिता को सांत्वना पुरस्कार मिला। विजेताओं को प्रमाण-पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने कहा कि रंगोली भारतीय संस्कृति और रचनात्मकता की सुंदर अभिव्यक्ति है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच विकसित करने के साथ उन्हें अपनी संस्कृति व विरासत से जोड़ती हैं। विभागाध्यक्ष डॉ. सुनीत शर्मा ने विद्यार्थियों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना की।
निर्णायक मंडल में माधवी, डॉ. ज्योति गहलोत, राजेश बाला और रूहानी शर्मा शामिल रहीं। आयोजन में अजय पाल सिंह समेत शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।