पानीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित करवाई जा रही माध्यमिक (शैक्षिक) गणित की परीक्षा व्यवस्थित तरीके से संचालित हुई। परीक्षा में प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में छह अनुचित साधन के मामले दर्ज किए गए। यह जानकारी देते हुए बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी.यादव ने बताया कि उनके उडऩदस्ते द्वारा जिला करनाल एवं पानीपत के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया जहां पानीपत के परीक्षा केंद्र एसडी कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पानीपत-22 पर नकल का एक केस पकड़ा।
उन्होंने आगे बताया कि बोर्ड सचिव के उडऩदस्ते द्वारा जिला नूंह एवं फरीदाबाद के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला नूंह के परीक्षा केंद्र राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नूंह-03 पर अनुचित साधन प्रयोग का 01 मामला दर्ज किया गया। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि उप-सचिव, संचालन के उडऩदस्ते द्वारा जिला भिवानी के परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया गया, जहां परीक्षा सुचारू रूप से चल रही थी। इसके अतिरिक्त जिला प्रश्र पत्र उड़नदस्ता, पलवल द्वारा 03 तथा सोनीपत द्वारा नकल का 01 मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि शनिवार को संचालित हुई माध्यमिक की गणित विषय की परीक्षा में प्रदेशभर के 25 परीक्षा केंद्रों पर 2934 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए।