पानीपत। छठ पूजा से पहले नदियों के घाटों पर सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ नदियों में पानी की शुद्धता पर जोर दिया जाएगा।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने इसके लिए वीरवार को वीसी पर समीक्षा की। उन्होंने नदियों के पास स्थित एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) और ईटीपी (इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) की स्थिति की जानकारी ली और इनके सुचारु संचालन के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि छठ पर्व दिवाली के छह दिन बाद मनाया जाता है। इस दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ जल और सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए। इसको ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को पूरी तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ पर्व पर सभी धार्मिक स्थल और नदियों के घाटों पर साफ-सफाई और जल शुद्धता बनाकर रखनी है। इसमें श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उपायुक्त ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को उद्योगों का निरीक्षण करने और ईटीपी को चालू कराने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी नियुक्त
उपायुक्त ने एसटीपी और सीटीपी (कॉमन ट्रीटमेंट प्लांट) की नियमित मॉनिटरिंग के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसमें किसी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज, आरओ भूपेंद्र चहल उपस्थित रहे।